
Punjab-Haryana में आज से छाएगा कोहरा, ठंड भी बढ़ेगी, बदलेगी हवाओं की दिशा
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के साथ ही आज दोबारा से कोहरा छाएगा। इसके अलावा शनिवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तर पश्चिमी हो जाएगी, जिससे ठंड भी बढ़ेगी। उधर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहे। यही नहीं शाम को कई जिलों में हल्का कोहरा भी देखने को मिला।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मौसम में बदलाव जारी है। शुक्रवार रात को पश्चिमी विक्षोभ हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली से आगे निकल गया है। इस कारण अब पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली पर एक बार फिर से बर्फीली हवाओं का रुख हो जाएगा।
इससे जनवरी के पहले दो सप्ताह कड़ाके की सर्दी पड़ेगी और नए साल का स्वागत हाड़ कंपा देने वाली ठंड से होगा। शनिवार सुबह से ही हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर मध्यम श्रेणी का कोहरा छाया रहने की संभावना बन रही है।
शुक्रवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 15.0 से 25.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.0 से 11.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। इस दौरान सिरसा में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस और महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button